उत्तराखंड में ईद के बीच बड़ी कार्रवाई: पाकिस्तान से करोड़ों के लेनदेन मामले में रुड़की से युवती गिरफ्तार

खबरें शेयर करें

जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पिरान कलियर क्षेत्र में की छापेमारी, ट्रांजिट रिमांड पर साथ ले गई टीम

उत्तराखंड के हरिद्वार जनपद के रुड़की क्षेत्र में ईद के त्योहार के बीच जम्मू-कश्मीर पुलिस की कार्रवाई से अचानक हलचल मच गई। जम्मू-कश्मीर पुलिस ने पिरान कलियर थाना क्षेत्र के आसफनगर गांव में छापेमारी कर एक युवती को हिरासत में लिया। युवती पर पाकिस्तान के माध्यम से करोड़ों रुपये के संदिग्ध लेनदेन से जुड़े होने का आरोप है।

जानकारी के अनुसार जम्मू-कश्मीर के कठुआ जिले में पहले से गिरफ्तार एक युवक से पूछताछ के दौरान इस युवती का नाम सामने आया था। इसके बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम उत्तराखंड पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से कार्रवाई को अंजाम दिया।

सूत्रों के मुताबिक पुलिस टीम ने आसफनगर गांव में पहुंचकर युवती की पहचान की पुष्टि की। इस प्रक्रिया में करीब दो से ढाई घंटे का समय लगा। लंबी पूछताछ के बाद पुलिस ने अदालत से ट्रांजिट रिमांड हासिल किया और युवती को अपने साथ जम्मू-कश्मीर ले गई।

बताया जा रहा है कि मामला बैंक खातों के दुरुपयोग और संदिग्ध विदेशी लेनदेन से जुड़ा हुआ है। हालांकि अभी तक पुलिस की ओर से आधिकारिक रूप से विस्तृत जानकारी साझा नहीं की गई है। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं।

इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और सुरक्षा एजेंसियों ने निगरानी बढ़ा दी है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस नेटवर्क में और कौन-कौन लोग शामिल हो सकते हैं।

See also  जेल में बंद आरोपी की दबंगई, महिला से मांगी 30 लाख की रंगदारी