ऊधम सिंह नगर से विदा हुए एसपी जितेन्द्र चौधरी, पुलिस परिवार की आंखें हुईं नम!

खबरें शेयर करें

ऊधम सिंह नगर पुलिस परिवार ने एसपी जितेन्द्र चौधरी को दी भावभीनी विदाई, नए दायित्व के लिए दी शुभकामनाएं

रुद्रपुर। ऊधम सिंह नगर पुलिस परिवार ने पुलिस अधीक्षक अपराध एवं यातायात जितेन्द्र चौधरी के स्थानांतरण पर उन्हें भावभीनी विदाई दी। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने उनके कार्यकाल को याद करते हुए उनके योगदान की सराहना की तथा नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दीं।

कार्यक्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति ने श्री चौधरी को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। एसएसपी ने कहा कि जनपद में अपने कार्यकाल के दौरान जितेन्द्र चौधरी ने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने, अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए विभिन्न अभियान चलाए, वहीं नशा मुक्ति अभियानों को प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाकर युवाओं और आमजन को जागरूक करने का प्रयास किया। इसके अलावा जनता और पुलिस के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर पुलिस की सकारात्मक छवि को मजबूत करने में भी उनका योगदान सराहनीय रहा।

विदाई समारोह के दौरान पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने श्री चौधरी के साथ बिताए गए अनुभव साझा किए और उनके सरल स्वभाव, कार्यकुशलता तथा नेतृत्व क्षमता की प्रशंसा की।

अपने संबोधन में जितेन्द्र चौधरी ने ऊधम सिंह नगर में मिले सहयोग के लिए पुलिस परिवार का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनपद में कार्य करते हुए उन्हें सभी अधिकारियों, कर्मचारियों और आमजन का भरपूर सहयोग मिला, जिसे वह हमेशा याद रखेंगे।

कार्यक्रम के अंत में पुलिस परिवार की ओर से उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उनके नए दायित्व के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

See also  सास की अस्थियां लेकर हरिद्वार पहुंची बहू की मौत, सीढ़ियों से गिरकर हुआ हादसा