महिला सशक्तिकरण वेबसाइट, पत्रिका और ‘शक्ति एआई’ ऐप लॉन्च, घर बैठे मिलेगा योजनाओं का लाभ
उत्तराखंड की लाखों महिलाओं के लिए बड़ी खुशखबरी सामने आई है। अब महिलाओं को केंद्र और राज्य सरकार की सभी महिला केंद्रित योजनाओं की जानकारी के लिए अलग-अलग कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। महिलाओं को एक ही प्लेटफॉर्म पर सभी जरूरी जानकारियां उपलब्ध कराने के लिए महिला सशक्तीकरण वेबसाइट, विशेष पत्रिका और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस आधारित ‘शक्ति एआई’ ऐप लॉन्च किया गया है।

रविवार को छड़ायल स्थित एक बैंक्वेट हॉल में आयोजित महिला सशक्तीकरण कार्यक्रम के दौरान इसका विधिवत लोकार्पण किया गया। कार्यक्रम में महिलाओं को सरकारी योजनाओं का लाभ लेकर आत्मनिर्भर और सशक्त बनने के लिए प्रेरित भी किया गया।
मुख्य अतिथि सांसद अजय भट्ट ने www.mahilasashaktikaran.com वेबसाइट और महिला योजनाओं से जुड़ी पत्रिका का विमोचन करते हुए कहा कि अब महिलाओं को उनकी जरूरत और परिस्थितियों के अनुसार सरकारी योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी सरल भाषा में एक ही जगह उपलब्ध होगी। इससे महिलाओं को जागरूक होने और योजनाओं का लाभ उठाने में काफी आसानी मिलेगी।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट ने कहा कि हर महिला तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से वेबसाइट और एआई आधारित ऐप तैयार किया गया है। उन्होंने कहा कि तकनीक के माध्यम से महिलाओं को सशक्त बनाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य सेवा, सामाजिक सेवा, कला, संगीत, स्वयं सहायता समूह और महिला नेतृत्व जैसे क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया गया।
कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष नवीन भट्ट और पूजा लटवाल ने किया। इस दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष दीपा दरम्वाल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, डॉ. कुसुम, छवि कांडपाल बोरा, रेखा नेगी, दीपा ढौंडियाल, अपूर्वा बिष्ट, गीता तिवारी, गायक खुशी जोशी, राजू नेगी और पार्षद पंकज चुफाल समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
