देशभर में मेडिकल प्रवेश परीक्षा NEET UG 2026 के री-एग्जाम को लेकर तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। उत्तराखंड में भी 21 जून को होने वाली परीक्षा के लिए प्रशासन, पुलिस और शिक्षा विभाग पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। राज्य में 53 परीक्षा केंद्रों पर 21 हजार से अधिक अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए व्यापक सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि अभ्यर्थियों की सुविधा, सुरक्षा और परीक्षा की गोपनीयता सर्वोच्च प्राथमिकता है।
छात्रों को मिलेगी फ्री बस यात्रा
राज्य सरकार ने NEET री-एग्जाम में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। परीक्षा देने जा रहे छात्र-छात्राओं को उत्तराखंड परिवहन निगम की बसों में निशुल्क यात्रा की सुविधा दी जाएगी। सरकार का कहना है कि दूर-दराज क्षेत्रों से आने वाले छात्रों को किसी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए यह निर्णय लिया गया है।
उत्तराखंड में 53 परीक्षा केंद्र, 21 हजार से ज्यादा अभ्यर्थी
राज्य के 10 जिलों में कुल 53 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। देहरादून में 16 परीक्षा केंद्रों पर करीब 6,800 छात्र परीक्षा देंगे। वहीं नैनीताल जिले में 11 केंद्रों पर 3,874 और ऊधम सिंह नगर में 5 केंद्रों पर 2,528 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल होंगे।
पिथौरागढ़, अल्मोड़ा और अन्य जिलों में भी परीक्षा केंद्रों पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला प्रशासन लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहा है।
सुरक्षा के होंगे कड़े इंतजाम
देहरादून पुलिस ने परीक्षा को लेकर विशेष सुरक्षा योजना तैयार की है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहेगा। CCTV कैमरों से निगरानी की जाएगी और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई होगी।
छात्रों में उत्साह, शिक्षकों को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद
NEET अभ्यर्थियों में परीक्षा को लेकर उत्साह देखने को मिल रहा है। कई छात्रों का कहना है कि पिछली परीक्षा रद्द होने से उन्हें झटका लगा था, लेकिन अब उन्होंने दोबारा तैयारी कर ली है और बेहतर प्रदर्शन के लिए पूरी तरह तैयार हैं।
कोचिंग संस्थानों के शिक्षकों का भी मानना है कि छात्रों ने दोबारा खुद को परीक्षा के लिए तैयार किया है और इस बार निष्पक्ष परीक्षा की उम्मीद है।
दोपहर 2 बजे से होगी परीक्षा
NTA के अनुसार NEET UG 2026 री-एग्जाम दोपहर 2 बजे से शाम 5:15 बजे तक आयोजित होगा। परीक्षा के लिए कुल 195 मिनट का समय निर्धारित किया गया है, जो पहले की तुलना में 15 मिनट अधिक है।
उत्तराखंड सरकार, जिला प्रशासन और पुलिस विभाग का दावा है कि परीक्षा को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और सुरक्षा के साथ संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
