जिम में वर्कआउट कर रहे SOG जवान को आया हार्ट अटैक, 38 साल की उम्र में मौत

खबरें शेयर करें

जिम में एक्सरसाइज करते समय SOG जवान की मौत, अचानक बिगड़ी तबीयत; पुलिस महकमे में शोक की लहर

बनबसा। चंपावत जिले के बनबसा से एक दुखद खबर सामने आई है। चंपावत एसओजी में तैनात जवान गिरीश भट्ट की जिम में व्यायाम करने के दौरान अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौत का कारण हार्ट अटैक माना जा रहा है। घटना के बाद पुलिस महकमे समेत पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।

जानकारी के अनुसार 38 वर्षीय गिरीश भट्ट पुत्र स्वर्गीय जयदेव भट्ट निवासी भजनपुर, बनबसा शुक्रवार शाम एक जिम में नियमित रूप से व्यायाम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई। जिम में मौजूद लोगों ने तत्काल उन्हें उपचार के लिए खटीमा के एक निजी अस्पताल पहुंचाया।

हालांकि अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। जवान की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

बताया जा रहा है कि गिरीश भट्ट की पत्नी गृहिणी हैं और उनके दो बेटे हैं। वह मूल रूप से पिथौरागढ़ जनपद के रहने वाले थे और वर्तमान में बनबसा में रह रहे थे।

गिरीश भट्ट चंपावत एसओजी के तेजतर्रार और कर्तव्यनिष्ठ जवानों में गिने जाते थे। कई महत्वपूर्ण पुलिस अभियानों में उनकी अहम भूमिका रही थी। उनकी अचानक मौत से पुलिस विभाग के अधिकारी और कर्मचारी भी स्तब्ध हैं।

घटना के बाद मृतक जवान का अंतिम संस्कार बनबसा स्थित शारदा घाट श्मशान में पूरे सम्मान और नम आंखों के साथ किया गया। अंतिम विदाई के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी, स्थानीय लोग और परिजन मौजूद रहे।

See also  किच्छा में बनेगा प्रदेश का पहला विभाजन विभीषिका सेनानी स्मारक, राजेश शुक्ला ने समाज से लिए सुझाव

फिलहाल जवान की मौत के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है और लोग सोशल मीडिया के माध्यम से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।