भाजपा मुख्यालय में सीएम धामी ने आज प्रेस वार्ता की। इस दौरान उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास के लिए अगले 25 साल का रोडमैप बनेगा। वहीं कैबिनेट विस्तार के सवाल पर भी सीएम धामी ने जवाब दिया।
कैबिनेट विस्तार को लेकर लंबे समय से चर्चा होती रही है। राजनैतिक मेलजोल को भी इससे जोड़कर देखा जाता रहा पर विस्तार की बात आगे नहीं बढ़ सकी। प्रेस वार्ता में कैबिनेट विस्तार के सवाल पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का कहना है कि शुभ दिन शुरू (देव उठनी एकादशी) हो गए हैं। आगे भी शुभ होगा।

इसी क्रम में अगले 25 वर्षों के लिए खाका भी प्रस्तुत किया जाएगा, जिसका लक्ष्य समृद्ध, आत्मनिर्भर और सशक्त उत्तराखंड का निर्माण है। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 2047 तक विकसित और आत्मनिर्भर भारत का संकल्प देशवासियों के सामने रखा है। वर्ष-2050 उत्तराखंड राज्य स्थापना का स्वर्ण जयंती वर्ष होगा। आने वाले इन 25 वर्षों के लिए राज्य सरकार एक नया रोडमैप बनाकर आगे बढ़ेगी।
