श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल के तत्वावधान में आयोजित पवित्र अमरनाथ यात्रा के दौरान रुद्रपुर के महापौर विकास शर्मा सहित लगभग 110 शिव भक्तों ने कठिन पैदल यात्रा पूरी कर पवित्र बाबा बर्फानी के दर्शन किए और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।

महापौर विकास शर्मा ने श्रद्धा और आस्था के साथ पैदल यात्रा कर बाबा बर्फानी के समक्ष प्रदेश की सुख-समृद्धि, शांति और जनकल्याण की प्रार्थना की। उन्होंने विशेष रूप से उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश में पुनः भारतीय जनता पार्टी की सरकार बनने की कामना करते हुए राज्य के निरंतर विकास और उन्नति के लिए प्रार्थना की।
इसके साथ ही महापौर ने रुद्रपुर शहर की खुशहाली, समृद्धि, शांति और नागरिकों के उत्तम स्वास्थ्य की भी मंगलकामना की। उन्होंने कहा कि बाबा बर्फानी की कृपा से प्रदेश और नगर निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़े तथा सभी नागरिकों का जीवन सुखमय और समृद्ध बने।
यात्रा में शामिल सभी शिव भक्तों ने बाबा बर्फानी के पवित्र हिमलिंग के दर्शन कर विधिवत पूजा-अर्चना की तथा देश, प्रदेश और समाज में सुख-शांति एवं समृद्धि की कामना की। श्री अमरनाथ जी सेवा मंडल के सदस्यों ने यात्रा के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी श्रद्धालुओं और व्यवस्थापकों का आभार भी व्यक्त किया।
इस दौरान यात्रा में शामिल श्रद्धालुओं ने “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से पूरे वातावरण को शिवमय बना दिया। श्रद्धालुओं ने इसे जीवन का अविस्मरणीय आध्यात्मिक अनुभव बताते हुए बाबा बर्फानी के प्रति अपनी अटूट आस्था व्यक्त की।
