उत्तराखंड में आसमान से बरस रही आग! 40 डिग्री के करीब पारा, जनता बेहाल

खबरें शेयर करें

उत्तराखंड में गर्मी ने अब खतरनाक रूप लेना शुरू कर दिया है। तराई-भाबर क्षेत्र इन दिनों सूरज की तेज तपिश से झुलस रहा है। कुमाऊं के प्रवेश द्वार हल्द्वानी में तापमान लगातार बढ़ता जा रहा है और अधिकतम पारा 40 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है। मौसम विभाग ने अगले एक सप्ताह तक मैदानी इलाकों में भीषण गर्मी पड़ने की चेतावनी जारी की है।

मंगलवार को हल्द्वानी का अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान 25.1 डिग्री रहा। तेज धूप और उमस के कारण लोग दोपहर के समय घरों से निकलने से बच रहे हैं। आने वाले दिनों में तापमान 41 डिग्री तक पहुंचने की संभावना जताई गई है।

गर्मी के बीच पानी का संकट बना बड़ी परेशानी

भीषण गर्मी के बीच हल्द्वानी के कई इलाकों में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। इंदिरा नगर क्षेत्र सबसे ज्यादा प्रभावित बताया जा रहा है। इंदिरा नगर छोटी सड़क, बड़ी सड़क, मोहम्मदी चौक, दुर्गा मंदिर सहित करीब एक दर्जन इलाकों में पिछले एक सप्ताह से पानी की सप्लाई प्रभावित है।

स्थिति ऐसी हो गई है कि करीब 10 हजार से अधिक लोगों को टैंकरों और आसपास के इलाकों से पानी भरकर लाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी टैंकरों से पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे परेशानी और बढ़ गई है।

पूर्व सभासद शकील सलमानी ने बताया कि कई बार जल संस्थान के अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक सप्लाई सुचारू नहीं हो सकी है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन किया जाएगा।

See also  कैंची धाम से लौट रहे यात्रियों की गाड़ी खाई में गिरी २ की मौत 15 घायल। ..

स्कूलों में भी बढ़ी दिक्कत

पानी की कमी का असर अब सरकारी स्कूलों तक पहुंच गया है। मध्याह्न भोजन बनाने में परेशानी हो रही है। वहीं चौफुला क्षेत्र के नलकूप में तकनीकी खराबी के कारण 5000 से ज्यादा लोग प्रभावित हैं। दमुवाढूंगा, कुसुखेड़ा और पनियाली के अंतिम छोर तक भी पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है।

बिजली कटौती ने बढ़ाई मुश्किलें

एक ओर भीषण गर्मी, दूसरी ओर बिजली कटौती ने लोगों की परेशानियां और बढ़ा दी हैं। ऊर्जा निगम ने मंगलवार को रानीबाग क्षेत्र में दोपहर 12 बजे से 1 बजे तक शटडाउन लिया। विभाग के अनुसार उपकेंद्र में कार्य होने के चलते बिजली आपूर्ति बाधित रही।

ऊर्जा निगम के ईई प्रदीप कुमार ने बताया कि बुधवार को गौलापार क्षेत्र में सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक शटडाउन रहेगा। हालांकि इसके बाद प्रस्तावित अन्य शटडाउन फिलहाल स्थगित कर दिए गए हैं।

अगले एक सप्ताह तक राहत के आसार नहीं

मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार उत्तराखंड के मैदानी क्षेत्रों में अगले एक सप्ताह तक गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। तेज धूप, लू जैसे हालात और बढ़ते तापमान के कारण लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। विशेषज्ञों ने दोपहर के समय बाहर निकलने से बचने और पर्याप्त पानी पीने की अपील की है।