रुद्रपुर शहर में हाल ही में हुई चोरी की घटनाओं के बाद अब पुलिस और प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़ा कदम उठाया है। विकास शर्मा की पहल पर व्यापारियों के एक प्रतिनिधिमंडल ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति से मुलाकात कर शहर की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की। इसके बाद रात के समय बाजारों और संवेदनशील इलाकों में पीएसी जवानों की तैनाती का बड़ा फैसला लिया गया।

बैठक में तय हुआ कि अब एक प्लाटून पीएसी जवान रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक शहर के मुख्य बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगातार गश्त करेंगे। पीएसी बल की निगरानी के लिए एक सब इंस्पेक्टर को विशेष जिम्मेदारी भी सौंपी गई है।

दरअसल बीते दिनों मटके वाली गली समेत शहर के चार प्रतिष्ठानों में हुई चोरी की घटनाओं के बाद व्यापारियों में भारी नाराजगी थी। व्यापारियों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए चोरी की घटनाओं के जल्द खुलासे की मांग की थी। इसी को लेकर महापौर विकास शर्मा व्यापारियों के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचे और पूरे मामले पर विस्तार से चर्चा की।
एसएसपी अजय गणपति ने भरोसा दिलाया कि पुलिस की विशेष टीमें लगातार काम कर रही हैं और जल्द ही चोरी की घटनाओं का खुलासा किया जाएगा। वहीं महापौर विकास शर्मा ने कहा कि व्यापारियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और शहर के संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सुरक्षा इंतजाम किए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि शहर के कई अहम प्वाइंट चिन्हित कर लिए गए हैं, जहां पीएसी जवानों की विशेष तैनाती रहेगी। साथ ही सीसीटीवी कैमरों की रातभर मॉनिटरिंग भी की जाएगी ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तुरंत कार्रवाई हो सके।
महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में “ऑपरेशन प्रहार” के तहत अपराधियों और नशा माफियाओं के खिलाफ लगातार कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने भरोसा जताया कि नई सुरक्षा रणनीति लागू होने के बाद शहर में चोरी जैसी घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगेगा और व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर विश्वास मजबूत होगा।
