रुद्रपुर। किच्छा बाइपास स्थित महिंद्रा शोरूम के सामने सोमवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक चलती बाइक में अचानक आग लग गई। बाइक सवार युवक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बाइक से छलांग लगा दी, जिससे उसकी जान बच गई। देखते ही देखते बाइक आग का गोला बन गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई।

जानकारी के अनुसार, बिगवाड़ा निवासी सोनू प्रताप पुत्र राजेश कुमार किसी काम से बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। जैसे ही वह किच्छा बाइपास स्थित महिंद्रा शोरूम के पास पहुंचे, तभी उनकी बाइक से अचानक धुआं निकलने लगा। इससे पहले कि वह कुछ समझ पाते, बाइक में तेज लपटें उठने लगीं।
स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए सोनू प्रताप ने तुरंत बाइक रोकी और उससे कूदकर अपनी जान बचाई। कुछ ही पलों में बाइक पूरी तरह आग की चपेट में आ गई। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोग और राहगीर मौके पर दौड़ पड़े। लोगों ने पानी और मिट्टी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बाइक बुरी तरह जल चुकी थी।
घटना के दौरान सड़क पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा। स्थानीय लोगों ने यातायात को संभालते हुए स्थिति को नियंत्रित किया। गनीमत रही कि हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आग लगने की वजह शॉर्ट सर्किट या बाइक में तकनीकी खराबी हो सकती है। हालांकि, वास्तविक कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। घटना के बाद क्षेत्र में काफी देर तक लोगों की भीड़ जुटी रही और लोग इस हादसे की चर्चा करते नजर आए।
