रुद्रपुर में IPL ऑनलाइन सट्टेबाजी का भंडाफोड़, दिल्ली का शातिर बुकी गिरफ्तार

खबरें शेयर करें

ऊधमसिंहनगर पुलिस लगातार “अपराध मुक्त देवभूमि उत्तराखंड” के संकल्प को साकार करने में जुटी हुई है। इसी अभियान के तहत एसएसपी Ajay Ganpati के नेतृत्व में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। रुद्रपुर के ट्रांजिट कैंप क्षेत्र में चल रहे IPL ऑनलाइन सट्टेबाजी नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए पुलिस ने दिल्ली निवासी एक शातिर बुकी को गिरफ्तार किया है।

जानकारी के अनुसार आरोपी किराए के फ्लैट में रहकर IPL मैचों पर ऑनलाइन सट्टा संचालित कर रहा था। आरोपी मोबाइल कॉल और Paytm के जरिए देशभर में फैले नेटवर्क के माध्यम से अवैध कमाई कर रहा था। पुलिस को लंबे समय से इस नेटवर्क की सूचना मिल रही थी, जिसके बाद SOG रुद्रपुर और कोतवाली ट्रांजिट कैंप पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को धर दबोचा।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल कर ऑनलाइन सट्टेबाजी को अंजाम दे रहा था। पुलिस अब उसके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है।

एसएसपी अजय गणपति ने साफ संदेश देते हुए कहा कि ऊधमसिंहनगर पुलिस अपराध, सट्टेबाजी और अवैध गतिविधियों में शामिल तत्वों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने कहा कि युवाओं को बर्बाद करने वाले ऐसे अपराधियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि जिले को अपराध मुक्त और सुरक्षित बनाने के लिए “ऑपरेशन प्रहार” आगे भी पूरी मजबूती के साथ जारी रहेगा।

See also  उधम सिंह नगर में प्रवेश शुल्क बढ़ाने के विरोध में डिग्री कॉलेज में तालाबंदी। ..