उत्तराखंड में Heat Wave को लेकर हाई अलर्ट! सरकार की एडवाइजरी जारी, जानिए क्या करें और क्या ना करें

खबरें शेयर करें

भीषण गर्मी से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, अस्पतालों में बनाए जाएंगे हीटस्ट्रोक कक्ष

देश के मैदानी राज्यों के साथ अब उत्तराखंड में भी हीट वेव का असर तेजी से बढ़ने लगा है। बढ़ती गर्मी और संभावित हीट वेव को देखते हुए उत्तराखंड स्वास्थ्य विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में आ गया है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) की ओर से जारी एडवाइजरी में सभी जिलाधिकारियों और मुख्य चिकित्सा अधिकारियों को हीट-सम्बंधित बीमारियों की रोकथाम और प्रभावी प्रबंधन के निर्देश दिए गए हैं।

भारतीय मौसम विभाग द्वारा मार्च से मई के बीच सामान्य से अधिक तापमान की संभावना जताए जाने के बाद राज्य सरकार ने व्यापक रणनीति लागू कर दी है। सरकार का उद्देश्य समय रहते ठोस कदम उठाकर हीट स्ट्रोक और उससे होने वाली मौतों को रोकना है।

अस्पतालों में बनेंगे Heatstroke Ward

स्वास्थ्य विभाग ने राज्य के सभी जिला और उप-जिला अस्पतालों में विशेष हीटस्ट्रोक कक्ष स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। इन कक्षों में मरीजों को तुरंत राहत देने के लिए कूलिंग सिस्टम, आइस पैक, ठंडे IV फ्लूइड और पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था अनिवार्य की गई है।

इसके साथ ही “पहले ठंडा करें, फिर परिवहन करें” प्रोटोकॉल को सख्ती से लागू करने पर जोर दिया गया है। अस्पतालों में ORS, इलेक्ट्रोलाइट्स और जरूरी दवाओं की 100 प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

रोज होगी हीट वेव मामलों की मॉनिटरिंग

 हीट-सम्बंधित मामलों की दैनिक रिपोर्टिंग अनिवार्य कर दी गई है। सभी जिलों को IHIP प्लेटफॉर्म पर रिपोर्ट अपलोड करनी होगी। संदिग्ध मौतों की जांच और ऑडिट भी किया जाएगा।

See also  उत्तराखंड में आज कई जिलों में बारिश और बर्फबारी का अंदेशा

स्वास्थ्य विभाग ने साफ कहा है कि डेटा रिपोर्टिंग में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

इन लोगों को सबसे ज्यादा खतरा

एडवाइजरी में शिशुओं, गर्भवती महिलाओं, बुजुर्गों और बाहर काम करने वाले मजदूरों को सबसे ज्यादा जोखिम वाला वर्ग बताया गया है। इन समूहों के लिए विशेष जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे।

लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक धूप में निकलने से बचने, हल्के सूती कपड़े पहनने और लगातार पानी पीने की सलाह दी गई है।

क्या करें और क्या ना करें?

क्या करें:

  • भरपूर मात्रा में पानी पिएं
  • हल्के और सूती कपड़े पहनें
  • ORS और इलेक्ट्रोलाइट्स का सेवन करें
  • घर से निकलते समय सिर ढकें
  • छायादार और ठंडी जगह पर रहें

क्या ना करें:

  • दोपहर 12 से 3 बजे के बीच धूप में न निकलें
  • खाली पेट बाहर न जाएं
  • ज्यादा देर तक धूप में काम न करें
  • शरीर में पानी की कमी न होने दें

स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे ने की अपील

स्वास्थ्य सचिव सचिन कुर्वे ने कहा कि राज्य सरकार हीट वेव की चुनौती को लेकर पूरी तरह गंभीर है। सभी जिलों को समय रहते तैयार रहने के निर्देश दिए गए हैं। अस्पतालों में प्रशिक्षित स्टाफ, दवाएं और हीटस्ट्रोक कक्ष तैयार किए जा रहे हैं।

उन्होंने लोगों से अपील की कि स्वास्थ्य विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और गर्मी से बचाव के उपाय अपनाएं। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयासों से ही हीट वेव की इस चुनौती का प्रभावी ढंग से सामना किया जा सकता है।