रुद्रपुर अस्पताल में डॉक्टरों का संकट! राजकुमार ठुकराल ने सरकार को दिया 7 दिन का अल्टीमेटम, नहीं तो आमरण अनशन

खबरें शेयर करें

रुद्रपुर जिला अस्पताल में डॉक्टरों की कमी पर गरजे राजकुमार ठुकराल, स्वास्थ्य सचिव से तत्काल नियुक्ति की मांग

रुद्रा न्यूज़ | रुद्रपुर

रुद्रपुर जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में चिकित्सकों के तबादले के बाद उत्पन्न हुई स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाल स्थिति को लेकर पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने मोर्चा खोल दिया है। गुरुवार को उनके नेतृत्व में कांग्रेस के एक प्रतिनिधिमंडल ने देहरादून स्थित राज्य सचिवालय में स्वास्थ्य सचिव डॉ. विनय शंकर पांडेय और अपर सचिव स्वास्थ्य डॉ. सौरभ गहरवार से मुलाकात कर जिला अस्पताल में तत्काल वैकल्पिक चिकित्सकों की नियुक्ति की मांग की।

बैठक के दौरान राजकुमार ठुकराल ने अधिकारियों को बताया कि हाल ही में शासन द्वारा एक साथ 11 चिकित्सकों के तबादले किए जाने के बाद रुद्रपुर जिला अस्पताल में डॉक्टरों की भारी कमी हो गई है। इसका सीधा असर मरीजों को मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाओं पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अस्पताल में प्रतिदिन रुद्रपुर शहर के साथ-साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में मरीज इलाज के लिए पहुंचते हैं, लेकिन चिकित्सकों की कमी के कारण लोगों को घंटों इंतजार करना पड़ रहा है और कई मरीज बिना समुचित उपचार के वापस लौटने को मजबूर हैं।

ठुकराल ने कहा कि जिला अस्पताल ऊधमसिंहनगर का प्रमुख सरकारी अस्पताल है, जहां आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के हजारों लोग उपचार के लिए आते हैं। ऐसे में डॉक्टरों की कमी आम जनता के स्वास्थ्य के साथ गंभीर अन्याय है।

तत्काल नियुक्ति की उठाई मांग

प्रतिनिधिमंडल ने स्वास्थ्य सचिव से मांग की कि जिन चिकित्सकों का स्थानांतरण किया गया है, उनके स्थान पर तत्काल नए चिकित्सकों की नियुक्ति कर उन्हें कार्यभार ग्रहण कराया जाए, ताकि अस्पताल की स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य हो सकें और मरीजों को समय पर उपचार मिल सके।

See also  रुद्रपुर में दो घंटे की बारिश से बाढ़ जैसे हालात, दुकानों में घुसा पानी, पहली बारिश में खुली व्यवस्थाओं की पोल

एक सप्ताह का अल्टीमेटम

पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर रिक्त पदों पर चिकित्सकों की नियुक्ति नहीं की गई तो वह जिला अस्पताल परिसर में अनिश्चितकालीन धरना और आमरण अनशन शुरू करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसी स्थिति में उत्पन्न होने वाले हालात की पूरी जिम्मेदारी स्वास्थ्य विभाग और राज्य सरकार की होगी।

प्रतिनिधिमंडल में रहे शामिल

स्वास्थ्य सचिव से मुलाकात करने वाले प्रतिनिधिमंडल में पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल के साथ महानगर कांग्रेस उपाध्यक्ष सुनील चुघ, आनंद शर्मा, ललित बिष्ट सहित अन्य कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।