गदरपुर में बंद मकान में हुई चोरी का खुलासा, पुलिस ने आभूषण और नकदी सहित दो शातिर चोरों को किया गिरफ्तार

रुद्रपुर/गदरपुर।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) अजय गणपति के निर्देशन में गदरपुर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने बंद मकान में हुई नकबजनी (चोरी) की घटना का सफल अनावरण करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने गिरफ्तार अभियुक्तों के कब्जे से चोरी किए गए सोने-चांदी के आभूषण, 15 हजार रुपये की नकदी तथा घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, गदरपुर क्षेत्र में एक बंद मकान को निशाना बनाकर अज्ञात चोरों ने नकब लगाकर लाखों रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ली थी। घटना के खुलासे के लिए एसएसपी अजय गणपति के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम का गठन किया गया। टीम ने सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपियों ने चोरी की घटना को अंजाम देने की बात स्वीकार की। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी का माल और घटना में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है।
पुलिस ने दोनों अभियुक्तों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। एसएसपी अजय गणपति ने टीम के बेहतर कार्य की सराहना करते हुए कहा कि जनपद में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
