विश्व प्रसिद्ध कैंचीधाम में 15 जून को होने वाले स्थापना दिवस मेले से ठीक पहले बड़ा विवाद सामने आया है। मेले की ड्यूटी में तैनात दो पुलिसकर्मियों पर एक युवती से कथित छेड़छाड़ का आरोप लगा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला और क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल बन गया।

जानकारी के अनुसार, मंदिर के समीप स्थित एक होमस्टे संचालक की बेटी ने मेले की ड्यूटी में तैनात दो पुलिस सिपाहियों पर अभद्र व्यवहार और छेड़छाड़ का आरोप लगाया। आरोपों की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक गुस्साए लोगों ने दोनों पुलिसकर्मियों को पकड़ लिया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस चौकी का घेराव कर दिया।
घटना के बाद पुलिस प्रशासन के खिलाफ लोगों ने जमकर नारेबाजी की। स्थानीय व्यापारियों और ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्थापना दिवस मेले से तीन दिन पहले ही क्षेत्र में अत्यधिक प्रतिबंध लगाए गए हैं, जिससे श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय कारोबारियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि कैंचीधाम क्षेत्र और नैनीताल जनपद की सीमाओं पर समय से पहले बैरिकेडिंग कर वाहनों की आवाजाही सीमित कर दी गई है। लोगों ने इसे आम जनमानस और व्यापारियों के लिए परेशानी का कारण बताया है।
उधर, मामले की गंभीरता को देखते हुए नैनीताल के एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने तत्काल जांच के आदेश दिए हैं। एसएसपी ने कहा है कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
कैंचीधाम में लाखों श्रद्धालुओं के आगमन से पहले सामने आई इस घटना ने सुरक्षा व्यवस्था और पुलिस-जनता संबंधों को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है।
