जेल में बंद आरोपी की दबंगई, महिला से मांगी 30 लाख की रंगदारी

खबरें शेयर करें

देहरादून के प्रेमनगर क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां सुद्धोवाला जेल में बंद एक आरोपी पर महिला से 30 लाख रुपये की रंगदारी मांगने और धमकी देने का आरोप लगा है। पीड़िता ने आरोप लगाया है कि रकम नहीं देने पर आरोपी ने उसके घर के बाहर फायरिंग भी करवाई, जिससे परिवार दहशत में है। पुलिस ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ईस्ट होप टाउन लक्ष्मीपुर निवासी महिला के अनुसार, उनके पति 3 दिसंबर 2024 से एक हत्या के मामले में सुद्धोवाला जेल में बंद हैं। उसी केस में अर्जुन नाम का आरोपी भी जेल में बंद है, जिसे महिला ने शातिर अपराधी बताया है। महिला का कहना है कि जेल में मुलाकात के दौरान उसके पति ने बताया कि अर्जुन 30 लाख रुपये की मांग कर रहा है। पैसे नहीं देने पर महिला की हत्या कराने की धमकी भी दी गई।

पीड़िता ने बताया कि मामले की शिकायत पहले ही जेल प्रशासन और एसएसपी देहरादून से की जा चुकी थी। इसके बावजूद 20 मई की सुबह करीब साढ़े चार बजे उनके घर के बाहर संदिग्ध गतिविधि हुई। अगले दिन पार्किंग में एक धमकी भरा पत्र मिला। जब आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई तो उसमें दो युवक घर के बाहर आते दिखाई दिए।

महिला का आरोप है कि युवकों ने घर के अंदर धमकी भरी चिट्ठी फेंकी और बाहर फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। महिला ने विकास बलारा, आरोपी अर्जुन की बहन दीपिका, अमन और कुछ अन्य लोगों पर साजिश में शामिल होने का शक जताया है।

See also  अफसरों पर भड़के कमिश्नर दीपक रावत, बीच सड़क पर लगा दी क्लास

पीड़िता ने कहा कि वह डेढ़ साल की बच्ची के साथ घर में अकेली रहती है और अब खुद को असुरक्षित महसूस कर रही है। उसने पुलिस से आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और परिवार की सुरक्षा की मांग की है।

वहीं, प्रेमनगर थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच की जा रही है।