दिनेशपुर क्षेत्र में साइबर ठगी का एक बड़ा मामला सामने आया है। क्रिप्टो करेंसी ट्रेडिंग का झांसा देकर साइबर अपराधियों ने एक व्यक्ति के डिजिटल वॉलेट से करीब सात लाख रुपये मूल्य की यूएसडीटी (USDT) क्रिप्टो करेंसी उड़ा ली। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार खटोला गांव निवासी सुखवंत सिंह को इंस्टाग्राम के जरिए एक व्यक्ति ने संपर्क किया। आरोपी ने खुद को हल्द्वानी निवासी बताते हुए यूएसडीटी क्रिप्टो करेंसी खरीदने में रुचि दिखाई। बातचीत के दौरान आरोपी ने 18 अप्रैल को 7500 यूएसडीटी खरीदने की बात कही।
पीड़ित के मुताबिक आरोपी ने बताया कि उसके पास 7350 यूएसडीटी उपलब्ध हैं, जिनकी कीमत करीब 7 लाख 10 हजार रुपये है। इसके बाद आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल के जरिए संपर्क किया और तकनीकी प्रक्रिया बताने के बहाने स्क्रीन शेयर करने को कहा।
जैसे ही स्क्रीन शेयर की गई, साइबर ठगों ने कथित तौर पर डिजिटल वॉलेट हैक कर उसमें मौजूद सभी यूएसडीटी ट्रांसफर कर लिए। कुछ ही मिनटों में पूरा वॉलेट खाली हो गया। ठगी का एहसास होने पर पीड़ित ने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन तब तक उसका मोबाइल नंबर बंद हो चुका था।
मामले की शिकायत पुलिस से की गई, जिसके बाद साइबर ठगी समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस डिजिटल ट्रांजैक्शन और मोबाइल नंबर के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।
साइबर पुलिस की सलाह
पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के कहने पर स्क्रीन शेयर न करें और क्रिप्टो ट्रेडिंग या ऑनलाइन निवेश से जुड़े मामलों में पूरी सावधानी बरतें। सोशल मीडिया के जरिए होने वाले निवेश ऑफर और ज्यादा मुनाफे के दावों से सतर्क रहने की भी सलाह दी गई है।
