ऋषिकेश-देहरादून हाईवे पर बड़ा हादसा! श्रद्धालुओं से भरी बस की जोरदार टक्कर, मची चीख-पुकार

खबरें शेयर करें

उत्तराखंड में सड़क हादसे लगातार चिंता का विषय बने हुए हैं। ताजा मामला Rishikesh-देहरादून मार्ग से सामने आया है, जहां मंगलवार सुबह काली मंदिर के पास दो बसों की आमने-सामने से भीषण भिड़ंत हो गई। हादसे की चपेट में एक कार भी आ गई, जिससे तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

जानकारी के मुताबिक, एक बस देहरादून की ओर से आ रही थी, जबकि दूसरी बस मध्य प्रदेश के मुरैना से चारधाम यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं को लेकर जा रही थी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब एक बस ओवरटेक कर रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही श्रद्धालुओं की बस से उसकी जोरदार टक्कर हो गई और पास से गुजर रही कार भी हादसे की चपेट में आ गई।

घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोग मदद के लिए मौके पर पहुंचे और बसों व कार में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। हादसे में कार सवार तीन लोग और बसों में बैठे दो यात्री घायल हुए हैं। घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। कार सवारों को जौलीग्रांट स्थित हिमालयन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जबकि अन्य घायलों का इलाज सरकारी अस्पताल में चल रहा है।

Dehradun पुलिस के मुताबिक सभी घायलों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर बताई जा रही है। कोतवाल कैलाश चंद्र भट्ट ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों का पता लगाया जा रहा है। घटना के बाद हाईवे पर कुछ देर के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।

See also  युवती के साथ नैनीताल घूमने आए युवक की सन्दिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से मचा हड़कंप…