रुद्रपुर में कांग्रेस का प्रदर्शन, पूर्व विधायक Rajkumar Thukral ने परीक्षा व्यवस्था पर उठाए सवाल

खबरें शेयर करें

नीट यूजी परीक्षा में सामने आई कथित गड़बड़ियों, पेपर लीक और अव्यवस्थाओं के विरोध में रुद्रपुर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी और पूर्व विधायक Rajkumar Thukral के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता डीडी चौक पहुंचे, जहां उन्होंने केंद्र सरकार का पुतला दहन कर जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने परीक्षा प्रणाली में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं पर नाराजगी जताई और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक Rajkumar Thukral ने कहा कि राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) द्वारा आयोजित नीट यूजी 2026 परीक्षा में भारी लापरवाही, अकर्मण्यता और अव्यवस्थाएं देखने को मिली हैं। उन्होंने कहा कि देश के 551 शहरों और विदेशों के 14 शहरों में आयोजित परीक्षा में सामने आई अनियमितताओं से शिक्षा व्यवस्था की साख प्रभावित हो रही है और लाखों छात्रों का भविष्य संकट में पड़ता जा रहा है।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2024 में पेपर लीक की घटनाओं के बाद परीक्षा प्रणाली को अधिक सुरक्षित बनाने के बड़े-बड़े दावे किए गए थे, लेकिन दो वर्ष के भीतर ही फिर से गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि उच्च स्तरीय समिति द्वारा परीक्षाओं को कंप्यूटर आधारित कराने की सिफारिश के बावजूद इसे प्रभावी रूप से लागू नहीं किया जा सका, जो प्रशासनिक विफलता को दर्शाता है।

महानगर कांग्रेस अध्यक्ष ममता रानी ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकारों के पास मजबूत प्रशासनिक तंत्र होने के बावजूद लगातार पेपर लीक की घटनाएं सामने आना बेहद चिंताजनक है। उन्होंने आरोप लगाया कि विभिन्न राज्यों में सक्रिय निजी माफिया सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों के माध्यम से पेपर लीक का नेटवर्क चला रहे हैं। उन्होंने ऐसे गिरोहों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की।

See also  उत्तराखंड की महिलाओं के लिए बड़ी सौगात : अब एक क्लिक पर मिलेगी सरकारी योजनाओं की पूरी जानकारी

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन के दौरान परीक्षा प्रणाली को पारदर्शी और सुरक्षित बनाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इस दौरान बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।