आश्रम ने जारी की सूचना, स्वास्थ्य ठीक होने तक भक्तों से बाहर इंतजार न करने की अपील
वृंदावन के प्रसिद्ध आध्यात्मिक संत प्रेमानंद महाराज की तबीयत बिगड़ने के कारण उनकी एकांत वार्ता और पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दी गई है। इस खबर के सामने आने के बाद देशभर में उनके भक्तों के बीच मायूसी का माहौल है।

वृंदावन स्थित श्री राधा हित केली कुंज आश्रम की ओर से जारी सूचना में बताया गया है कि पिछले दो दिनों से प्रेमानंद महाराज का स्वास्थ्य ठीक नहीं चल रहा है। इसी कारण उन्होंने भक्तों से मिलने, दर्शन देने और नियमित पदयात्रा को फिलहाल रोक दिया है।
आश्रम प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे महाराज जी के दर्शन के लिए सड़कों या आश्रम के बाहर भीड़ न लगाएं। स्वास्थ्य में सुधार होने के बाद ही प्रेमानंद महाराज दोबारा भक्तों के बीच दर्शन और वार्ता के लिए उपस्थित होंगे।
रोज सुबह निकलती थी पदयात्रा
प्रेमानंद महाराज वृंदावन परिक्रमा मार्ग से प्रतिदिन सुबह लगभग 3 बजे पदयात्रा प्रारंभ करते थे। इस दौरान हजारों श्रद्धालु उनके दर्शन करने और आशीर्वाद लेने पहुंचते थे। उनकी पदयात्रा और आध्यात्मिक प्रवचन देशभर में बेहद लोकप्रिय हैं।
20 वर्षों से चल रहा डायलिसिस
जानकारी के अनुसार प्रेमानंद महाराज पिछले करीब 20 वर्षों से किडनी संबंधी बीमारी से जूझ रहे हैं। दोनों किडनियां खराब होने के कारण उनके आवास पर ही नियमित डायलिसिस किया जाता है। डॉक्टरों की निगरानी में चलने वाली इस प्रक्रिया में करीब 5 से 6 घंटे का समय लगता है।
बताया जाता है कि पेट की गंभीर समस्या के चलते उनकी दोनों किडनियां प्रभावित हुई थीं, जिसके बाद लगातार उपचार जारी है।
देशभर में हैं करोड़ों अनुयायी
प्रेमानंद महाराज सोशल मीडिया पर सबसे लोकप्रिय आध्यात्मिक संतों में गिने जाते हैं। उनके दर्शन के लिए देशभर से श्रद्धालु वृंदावन पहुंचते हैं। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, आरएसएस सह सरकार्यवाह डॉ. मोहन भागवत, टीम इंडिया के पूर्व कप्तान विराट कोहली और अभिनेत्री अनुष्का शर्मा समेत कई बड़ी हस्तियां भी उनके दर्शन कर चुकी हैं।
फिलहाल भक्त प्रेमानंद महाराज के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना कर रहे हैं।
