रुद्रपुर: वार्ड नंबर 32 स्थित भूरारानी मुख्य मार्ग पर वर्षों से चली आ रही अंधेरे की समस्या आखिरकार खत्म हो गई। मंगलवार शाम महापौर विकास शर्मा ने क्षेत्रवासियों की मौजूदगी में नारियल फोड़कर और बटन दबाकर नई स्ट्रीट लाइटों का शुभारंभ किया। जैसे ही लाइटें जलीं, पूरा मार्ग दूधिया रोशनी से जगमगा उठा और क्षेत्र में खुशी का माहौल बन गया।


स्थानीय लोगों ने मिठाई बांटकर खुशी जाहिर की और महापौर का फूल-मालाओं से जोरदार स्वागत किया। लंबे समय से अंधेरे में डूबे इस मार्ग पर रात के समय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। खासकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों के लिए यह रास्ता असुरक्षित माना जाता था।
महापौर विकास शर्मा ने कहा कि नगर निगम शहर के हर वार्ड में मूलभूत सुविधाएं पहुंचाने के लिए लगातार काम कर रहा है। उन्होंने बताया कि भूरारानी क्षेत्र में स्ट्रीट लाइटों की मांग लंबे समय से की जा रही थी, जिसे प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया गया है।

उन्होंने कहा कि शहर के सभी डार्क स्पॉट चिन्हित किए जा रहे हैं और आने वाले समय में वहां भी स्ट्रीट लाइटें लगाई जाएंगी, ताकि रात के समय अपराध और असुरक्षा की स्थिति खत्म हो सके।
महापौर ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से रुद्रपुर में लगातार विकास कार्य तेजी से किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शहर के विकास में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।
इस दौरान भाजपा मंडल अध्यक्ष सुनील ठुकराल सहित बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रवासी मौजूद रहे।
