फिर बढ़े पेट्रोल-डीजल के दाम, एक हफ्ते में दूसरी बार महंगाई की मार

खबरें शेयर करें

देशभर में आम जनता को एक बार फिर महंगाई का बड़ा झटका लगा है। सरकारी तेल कंपनियों ने मंगलवार सुबह पेट्रोल और डीजल की कीमतों में नई बढ़ोतरी कर दी। जानकारी के मुताबिक पेट्रोल और डीजल दोनों के दामों में करीब 90 पैसे प्रति लीटर तक की वृद्धि की गई है। नए रेट्स तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं।

यह पिछले एक सप्ताह के भीतर दूसरी बार है जब ईंधन की कीमतों में इजाफा हुआ है। इससे पहले 15 मई को भी तेल कंपनियों ने पेट्रोल और डीजल के दामों में 3-3 रुपये प्रति लीटर तक बढ़ोतरी की थी। लगातार बढ़ती कीमतों ने आम लोगों की जेब पर अतिरिक्त बोझ डाल दिया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में तेजी और पश्चिम एशिया में जारी तनाव इसका मुख्य कारण है। खासतौर पर होर्मुज स्ट्रेट के आसपास बनी अस्थिर स्थिति के चलते क्रूड ऑयल की कीमतें 100 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बनी हुई हैं। इसका सीधा असर भारत समेत कई देशों में ईंधन कीमतों पर पड़ रहा है।

राजधानी नई दिल्ली में पेट्रोल की कीमत बढ़कर 98.64 रुपये प्रति लीटर पहुंच गई है, जबकि डीजल 91.58 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है। वहीं मुंबई में पेट्रोल 107.59 रुपये और डीजल 94.08 रुपये प्रति लीटर हो गया है।

कोलकाता में सबसे ज्यादा बढ़ोतरी दर्ज की गई, जहां पेट्रोल 109.70 रुपये प्रति लीटर पहुंच गया। वहीं चेन्नई में पेट्रोल 104.49 रुपये और डीजल 96.11 रुपये प्रति लीटर बिक रहा है।

विशेषज्ञों का कहना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय हालात जल्द सामान्य नहीं हुए तो आने वाले दिनों में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में और बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है।

See also  720 ट्रेनें हुईं कैंसिल या बदला गया रूट, निकलने से पहले देख लें सूची