रुद्रपुर में तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाला ‘खरगोश’ गिरफ्तार, सोशल मीडिया वीडियो पर SSP ने लिया संज्ञान

खबरें शेयर करें

SSP अजय गणपति के निर्देश पर रुद्रपुर पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए बड़ी कार्रवाई की है। मोहल्ले में खुलेआम तलवार लहराकर दहशत फैलाने वाले आरोपी पंकज कोली उर्फ “खरगोश” को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के अनुसार वायरल वीडियो में आरोपी हाथ में तलवार लेकर लोगों को धमकाता दिखाई दे रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए एसएसपी ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद कोतवाली रुद्रपुर पुलिस ने “ऑपरेशन प्रहार” के तहत दबिश देकर आरोपी को पकड़ लिया।

कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में प्रयुक्त तलवार भी बरामद कर ली। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी ने मामूली विवाद के बाद इलाके में भय का माहौल बनाने के लिए तलवार लहराई थी।

पुलिस रिकॉर्ड खंगालने पर आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि क्षेत्र में कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और असामाजिक तत्वों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

रुद्रपुर पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई के बाद इलाके के लोगों ने राहत की सांस ली है। सोशल मीडिया पर भी पुलिस की कार्रवाई की सराहना की जा रही है।

See also  भीषण हादसा, पिकअप ने कार को मारी टक्कर, बड़े व्यापारी की मौत,..